झीलों के आंचल में उतरी आस्था : जब जगदीश के दर पर महका अन्नकूट और महालक्ष्मी के नयनों में चमकी कृतज्ञता की जोत

फोटो जर्नलिस्ट : ऋषभ जैन

उदयपुर। दीपावली की रात जब दीपों का तेल चुक जाता है, तब असल में उजाला खत्म नहीं होता; वह इंसान के भीतर उतरकर आस्था की एक भीनी-भीनी सी लौ बन जाता है। कार्तिक के इस उजले सवेरे उदयपुर की सर्द होती हवाओं में वही लौ एक मीठी सुगंध बनकर तैर रही थी—यह गंध थी पकते हुए पकवानों की, दूधिया बताशों की और उस मिट्टी की, जिस पर सदियों से मनुष्य अपने ईश्वर के प्रति आभार लिखता आया है।

पंच-महोत्सव के विदा होने की यह घड़ी दरअसल बिछोह की नहीं, बल्कि उस परमात्मा के सामने अपना सर्वस्व परोस देने की बेला थी।

सवेरा होते ही भटियाणी चौहट्टा की संकरी, पुरानी सीढ़ियों पर नंगे पांव चढ़ते श्रद्धालुओं के कदम किसी मंदिर की ओर नहीं, मानो अपनी मां के आंचल की छांव में बढ़ रहे थे। सदियों पुराने महालक्ष्मी मंदिर के पट खुले, तो माता के विग्रह के सामने सजे छप्पन भोग सिर्फ व्यंजनों की कतार नहीं थे; वे हर उस किसान, हर उस गृहस्थ की सालभर की मेहनत और भरोसे का अर्पण थे, जो ईश्वर से मांगता कम है और धन्यवाद पहले देता है।

शाम ढलते ही जब प्रेमशंकर बोहरा के हाथों में महाआरती का थाल उठा और कपूर की लौ ने माता के मुखमंडल को आलोकित किया, तो घंटे-घड़ियालों की गूंज के बीच मंदिर की दीवारों तक ने जैसे सांस रोक ली। श्रीमाली जाति संपत्ति व्यवस्था ट्रस्ट के जतिन श्रीमाली, अध्यक्ष भगवतीलाल दशोत्तर, जयप्रकाश श्रीमाली और मधुसूदन बोहरा सहित वहां मौजूद हर आंख में एक अजीब सी तृप्ति थी—वही तृप्ति जो एक बालक को मां की थाली से पहला कौर पाते हुए महसूस होती है।

और कुछ ही फासले पर, पत्थर के सीने पर उकेरी गई नक्काशी वाला जगदीश मंदिर… जहां वक्त भी शायद थोड़ी देर ठहरकर हाथ जोड़ लेता है।

ठाकुरजी का श्रृंगार ऐसा था मानो साक्षात जगदीश स्वयं इस नगर के सुख-दुख को अपने होठों की हल्की मुस्कान में समेटे बैठे हों। फूलों के हारों की सुगंध और जगमगाती रोशनियों के बीच जब भगवान को अन्नकूट का भोग लगाया गया, तो वहां न कोई स्थानीय था, न कोई परदेसी। सात समंदर पार से झीलों की खूबसूरती देखने आए सैलानी भी उस कतार में सिर झुकाए खड़े थे, जहां हर हाथ सिर्फ प्रसादी का एक दाना पाने को आतुर था। वह एक दाना महज अन्न नहीं था, वह जीवन के निरंतर चलते रहने का ईश्वरीय आशीष था।

खेखरे की सुबह आंगनों में गोवर्धन की देह पर महिलाओं द्वारा संजोए गए दीपक और शाम को देवालयों में बंटा यह अन्नकूट—दरअसल यही उदयपुर की रूह है। एक ऐसा शहर, जो सिर्फ महलों और पानी से नहीं बना, बल्कि उस अटूट विश्वास से बना है जहां इंसान अपने पहले निवाले से पहले अपने ठाकुर और अपनी मां महालक्ष्मी को याद रखना कभी नहीं भूलता।

 

(Visited 1 times, 1 visits today)

About Author