इंटरनेशनल बुलेटिन : खाड़ी देशों से आई दर्दनाक और बड़ी खबरें, ट्रंप की एंट्री से ईरान-इसराइल युद्ध पर लगा ब्रेक

 

ट्रंप की दखल के बाद थमी ईरान और इसराइल के बीच मिसाइल जंग! युद्धविराम की कोशिशें तेज

वाशिंगटन/यरुशलम। ईरान द्वारा इसराइल पर दागी गई मिसाइलों और उसके बाद इसराइल के पलटवार से महायुद्ध की कगार पर पहुंचे मध्य पूर्व को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक्शन में आ गए हैं। सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर लंबी और बेहद अहम बातचीत हुई।

हमले रोकने का फैसला: इसराइली मीडिया ‘चैनल 12 न्यूज’ के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप की सख्त मांग और मध्यस्थता के बाद अब एक वरिष्ठ इसराइली अधिकारी ने पुष्टि की है कि इसराइल फिलहाल ईरान पर अपने जवाबी हमले रोक देगा।

ट्रंप की चेतावनी: व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप ने कहा है कि ईरान और इसराइल दोनों तुरंत प्रभाव से युद्धविराम (Ceasefire) करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने यह आशंका भी जताई कि किसी भी तरफ की एक छोटी सी लापरवाही इस शांति वार्ता को बीच में ही तोड़ सकती है। उधर, ईरानी सेना ने भी कहा है कि वे इसराइल पर हमले रोक रहे हैं, लेकिन साथ ही एक कड़ी चेतावनी भी जारी की है।

 

दुबई में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई मिनी बस, कई भारतीय कामगारों की मौत की आशंका

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। सोमवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस सड़क पर खड़े एक बड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिसमें कई भारतीय कामगारों (मजदूरों) की मौत की आशंका जताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा: दुबई पुलिस के ट्रैफिक विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलीम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अचानक बीच सड़क पर रुक गया था। पीछे से आ रही मिनी बस के चालक ने सुरक्षित दूरी नहीं रखी और ध्यान न देने के कारण बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

दूतावास अलर्ट पर : दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर लिखा कि उनके अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुँचे हैं और घायल भारतीयों से मिलकर स्थानीय प्रशासन के साथ हर संभव मदद सुनिश्चित कर रहे हैं।

ओमान ने दिखाई मुस्तैदी: मध्य पूर्व में मिसाइल हमले का शिकार हुए मालवाहक जहाज़ से सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए

मस्कट (ओमान)। मध्य पूर्व में जारी भारी सैन्य तनाव के बीच समुद्र से एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। सोमवार को 24 भारतीय नाविकों (क्रू मेंबर्स) से सवार एक कमर्शियल जहाज़ ‘एमटी मैरिवेक्स’ हमले की चपेट में आ गया था, जिससे हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद ‘फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया’ (FSUI) ने उनकी सुरक्षा के लिए गुहार लगाई।

ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने ताजा अपडेट साझा करते हुए बताया कि ओमान के जांबाज अधिकारियों ने तत्काल और बेहद साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए जहाज़ पर मौजूद सभी 24 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है। भारतीय दूतावास ने संकट की इस घड़ी में त्वरित कार्रवाई के लिए ओमान प्रशासन का आभार जताया है।

 

पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ़ का बयान: “मध्य पूर्व में कूटनीति की जीत होने वाली है, सभी पक्ष संयम बरतें”

इस्लामाबाद। ईरान-इसराइल के बीच जारी इस खूनी संघर्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सभी पक्षों से शांति की अपील की है। शरीफ़ ने ‘X’ पर लिखा कि मध्य पूर्व में हालिया हिंसा इस बात का सबूत है कि कमजोर युद्धविराम कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि वे और उनके वैश्विक साझेदार ईमानदारी से इस संघर्ष का हल ढूंढ रहे हैं और अब “आखरी मकसद” (शांति) लगभग पूरा होने वाला है। उन्होंने सभी देशों से हिंसा और तबाही का रास्ता छोड़ कूटनीति के रास्ते पर बने रहने की अपील की।

About Author

Leave a Reply