दिल्ली: नवजातों के अस्पताल में आग से त्रासदी, 6 मासूमों की मौत, कई घायल

 

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में स्थित एक बच्चों के अस्पताल में बुधवार रात लगी भीषण आग ने मासूम जिंदगीयों को निगल लिया। इस दर्दनाक हादसे में छह नवजात बच्चों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा को रात 11 बजकर 32 मिनट पर अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। फायर सर्विस के अधिकारी राजेश अटवाल ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। यह हादसा कितनी भयावह था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग ने अस्पताल के नजदीक की इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया था।

अस्पताल में भर्ती 12 बच्चों को दमकल कर्मियों ने अपनी जान पर खेलकर रेस्क्यू किया, लेकिन अफसोस, इनमें से छह मासूमों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शेष छह बच्चों की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

राजेश अटवाल ने बताया, “हमारे वहां पहुंचने से पहले भी कुछ लोगों को यहां से निकाला गया था। हमने कुल 12 लोगों को रेस्क्यू किया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

इस त्रासदी ने पूरे इलाके में शोक और पीड़ा की लहर दौड़ा दी है। जिन परिवारों ने अपने नवजात बच्चों को खोया है, उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। इस भयानक हादसे ने कई माताओं की गोद सूनी कर दी है और उनके जीवन में कभी ना भरने वाला घाव छोड़ दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

इस हादसे ने हमें यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि हमारे अस्पताल और सुरक्षा व्यवस्थाएं कितनी असुरक्षित हैं। यह वक्त है कि हम अपनी व्यवस्थाओं की पुन: समीक्षा करें ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।

(Visited 20 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply