सैफ अली खान पर चाकू से हमला, लीलावती अस्पताल में भर्ती


मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सैफ अली खान पर उनके बांद्रा वेस्ट स्थित घर में चाकू से हमला हुआ। यह घटना गुरुवार रात 2:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, एक चोर उनके घर में घुस आया था और इस दौरान उसने सैफ पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चोर ने किया हमला, परिवार सुरक्षित
घटना के समय सैफ अली खान अपनी पत्नी करीना कपूर और बच्चों तैमूर व जेह के साथ घर पर सो रहे थे। अचानक हुई इस वारदात से पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। करीना और बच्चे इस हमले में पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार, चोर ने घर में घुसते ही सैफ पर हमला किया और फिर मौके से फरार हो गया।
पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच
बांद्रा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें तैनात कर दी गई हैं। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच में जुट गई हैं। करीना कपूर या परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिल्म इंडस्ट्री में हलचल
इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। सैफ के फैंस और करीबी उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
सैफ का वर्क फ्रंट
हाल ही में सैफ अली खान फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ में जूनियर एनटीआर के साथ नेगेटिव रोल में नजर आए थे। इससे पहले वह ‘आदिपुरुष’ में रावण के किरदार में दिखे थे।
हमले की तफ्तीश जारी है और हर किसी की नजर इस मामले पर टिकी है। सैफ की जल्द से जल्द सेहतमंद होने की कामना की जा रही है।

(Visited 137 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply