
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का भारी गुस्सा देखने को मिला। विकास कार्यों में लापरवाही और सरकारी योजनाओं में धांधली को लेकर डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को जमकर लताड़ा और सीधे शब्दों में ‘आखिरी चेतावनी’ दे डाली।
पोषाहार के नाम पर खिलवाड़ : ‘इंसान तो क्या, जानवर भी नहीं खाते’
बैठक में गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती ने आंगनबाड़ियों में मिलने वाले पोषाहार पर गंभीर सवाल उठाकर सनसनी फैला दी। उन्होंने डिप्टी सीएम के सामने तीखे लहजे में कहा कि आंगनबाड़ियों में जो पोषण आहार दिया जा रहा है, उसे जानवर तक नहीं खाते। लोग इसे घर ले जाकर फेंक देते हैं। इस गंभीर शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने तुरंत एक्शन लेते हुए पोषाहार और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली ‘न्यू ट्री किट’ की रैंडम क्वालिटी जांच के आदेश दिए हैं।
पीडब्ल्यूडी अफसरों को फटकार: ‘उदयपुर संभाग सबसे सुस्त’
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की पोल खुल गई। डिप्टी सीएम ने प्रेजेंटेशन देख अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पूरे राज्य में उदयपुर संभाग की कार्य गति सबसे धीमी है।
सख्त लहजा: उन्होंने काम में टालमटोल करने वाले अफसरों को चेताया कि यदि गति नहीं बढ़ी तो सख्त एक्शन लिया जाएगा।
प्रोजेक्ट्स की स्थिति: 217 करोड़ के 74 कार्यों में से अब तक केवल 13 काम ही पूरे हो पाए हैं।
बिना होमवर्क आई महिला अधिकारी को टोका
बैठक में उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई जब पर्यटन विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सुनीता सरोज को उपमुख्यमंत्री ने गलत जानकारी देने पर टोक दिया। डिप्टी सीएम ने उन्हें नसीहत दी कि अगली बार पूरी जानकारी के साथ बैठक में आएं। महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट के काम में देरी और एक्सपर्ट्स के नाम न बता पाने पर भी अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई गई।
तकनीकी खामियां: आधार से मैच नहीं हो रही फोटो
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में यह बात सामने आई कि कई गर्भवती महिलाओं का चेहरा आधार कार्ड की फोटो से मैच नहीं हो रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ देने में दिक्कत आ रही है। डिप्टी सीएम ने इन तकनीकी अड़चनों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
About Author
You may also like
मेवाड़ी परम्परा से हुआ ब्रिक्स देशों के विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत: सिटी पैलेस से हुए अभिभूत
बाबा बैद्यनाथ की स्थापना के साथ नारायण सेवा संस्थान में शिव कथा का विराम
भगीरथ की तपस्या से सीखें धैर्य और लोकसेवा का संकल्प: प्रशांत अग्रवाल
उदयपुर में ध्वस्त होती कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठते सवालों के बीच एक पाठक का एसपी डॉ. अमृता दुहन को खुला पत्र
स्कून्यूज़ मेमोरियल अवॉर्ड्स–2026 : दिवंगत महाराणा अरविन्द सिंह मेवाड़ की स्मृति में दिए गए प्रतिष्ठित शिक्षा सम्मान
