महफ़िल में जिनका ज़िक्र नहीं, वो ही चराग़ जलते रहे…बीजेपी में वो चराग कौन हैं पढ़िए हबीब की रिपोर्ट

सैयद हबीब/कमल कुमावत, उदयपुर।

फ़िल्म ‘मुग़ल-ए-आज़म’ का एक मशहूर दृश्य है, जिसमें शहज़ादा सलीम और अनारकली के इश्क़ के बीच खामोश खड़ी ‘सुरैया’ महज़ अपनी आंखों से दर्द बयां करती है। फ़िल्म के मुख्य पोस्टर पर भले ही पृथ्वीराज कपूर, दिलीप कुमार और मधुबाला की तस्वीरें चमकती रहीं, मगर सिनेमा के पारखी जानते हैं कि उस तिलिस्म को मुकम्मल बनाने में उन गुमनाम किरदारों का कितना बड़ा हाथ था, जिनके हिस्से कोई भारी-भरकम डायलॉग नहीं आया।

उदयपुर नगर निगम के हालिया सियासी ड्रामे का परदा जब गिरा, तो तालियों की गड़गड़ाहट नए हुक्मरानों के हिस्से आई। मेयर और डिप्टी मेयर के चेहरों पर अबीर-गुलाल उड़ चुका, समीकरण सुलझा लिए गए और सत्ता के नए सिंहासन सज गए। मगर इस चमक-दमक के पीछे दो ऐसे चेहरे हैं, जो चुपचाप नेपथ्य (पर्दे के पीछे) में खड़े अपनी ही पार्टी की वफ़ादारी का बोझ उठाए मुस्कुरा रहे हैं।

मिर्ज़ा ग़ालिब का एक शेर ऐसे ही लम्हों के लिए मौज़ूं लगता है:

हम भी दुश्मन तो नहीं हैं अपने

ग़ैर को तुझ से मोहब्बत ही सही

अपनी रुस्वाई में क्या शक था हमें

तुम ने सोचा भी तो क्या ख़ूब किया

पहले किरदार हैं—प्रमोद सामर।

राजनीति के खेल में सामर साहब की हैसियत उस मंझे हुए संजीदा अदाकार जैसी है, जिसे हर कोई जानता है कि वह लीड रोल का सबसे हकदार है, मगर जब भी कास्टिंग की बारी आती है, निर्देशक किसी और को नायक बना देता है। तारीख़ गवाह है कि ठीक बीस साल पहले भी वे पार्षद चुनकर आए थे। तब भी टाउनहॉल की सबसे ऊंची कुर्सी के लिए उनका नाम हवा में तैर रहा था, मगर सियासत की आखिरी पर्ची पर उनका नाम नहीं आ सका। दो दशक बाद जब वे दोबारा पार्षद बने, तो लगा कि शायद वक़्त अपनी पुरानी भूल सुधारेगा। मगर सियासत इतनी रहमदिल कहाँ होती है! वे न मेयर बने, न डिप्टी मेयर। मगर उनके चेहरे का धीर-गम्भीर ठहराव यह बताता है कि असली खिलाड़ी जीत से नहीं, अपनी गरिमा से पहचाना जाता है।

दूसरे किरदार हैं—अनिल सिंघल।

सिंघल साहब की दास्तान तो उस मुसाफ़िर जैसी है, जो स्टेशन पर गाड़ी आने का इंतज़ार करता रहा और ट्रेन उसके सामने से निकल गई। एक बार पार्षद रहने के बाद, जब दो-दो बार उनके वार्ड की लॉटरी सामान्य (जनरल) खुली, उन्होंने टिकट मांगा, उम्मीद बांधी, मगर हर बार उनके हिस्से महज़ इंतज़ार आया। सियासत में जब किसी निष्ठावान कार्यकर्ता का हक छिनता है, तो बग़ावत की आग भड़कना बहुत आसान होता है। टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़ देना या भीतरघात करना आज के दौर की आम रवायत बन चुकी है।

अहमद फ़राज़ ने कभी लिखा था:

सिलसिले तोड़ गया वो सभी जाते-जाते

वर्ना इतने तो मरासिम थे कि आते-जाते

शिकवा-ए-ज़ुल्मत-ए-शब से तो कहीं बेहतर था

अपने हिस्से की कोई शमा जलाते जाते

प्रमोद सामर और अनिल सिंघल चाहते तो बग़ावत का परचम लहरा सकते थे, पार्टी की लक्ष्मण रेखा लांघकर अपने लिए नई राह तलाश सकते थे। मगर इन दोनों ने अनुशासन की उस लीक को नहीं छोड़ा जिसे पुरानी पीढ़ी के लोग ‘संस्कार’ और ‘निष्ठा’ कहते थे। उन्होंने पार्टी के फ़ैसले को चुपचाप सिर माथे लगाया, महफ़िल में मुस्कराए और अपने हिस्से की शमा जलाए रखी।

उदयपुर की अवाम सात बार से एक ही दल का बोर्ड बनाती आ रही है, मगर इस चुनावी तमाशे के बीच जनता को यह भी सोचना होगा कि जब वफ़ादारी और योग्यता को दरकिनार कर दिया जाता है, तो क्या लोकतंत्र सचमुच समृद्ध होता है? सही और ग़लत का फ़ैसला तो वक़्त की अदालत में ही होगा, लेकिन जब भी इस शहर के सियासी इतिहास का पन्ना पलटा जाएगा, इन दो किरदारों की खामोश वफ़ादारी की दास्तान मुख्य अभिनेताओं से कहीं ज़्यादा क़ाबिल-ए-तारीफ़ मानी जाएगी।

 

(Visited 276 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply