
जयपुर। मानसिंह की इस गुलाबी नगरी में आज सुबह-सुबह जो हुआ, उसने फिल्मी पर्दे की किसी शातिर क्राइम थ्रिलर को भी पीछे छोड़ दिया। टोंक रोड पर चमकने वाले एक लग्जरी स्विस वॉच शोरूम के शीशों के पीछे सुइयों की टिक-टिक शांत थी, लेकिन बाहर एक ऐसी स्क्रिप्ट लिखी जा रही थी, जिसकी भनक किसी को नहीं थी।
दृश्य कुछ यूं था—सुबह के करीब साढ़े चार बजे। सूरज उगने में अभी वक्त था। स्क्रीन पर एंट्री होती है पांच बेपरवाह किरदारों की। वे किसी हीरो की तरह स्टाइल में नहीं, बल्कि चोरों की पुरानी और मंझी हुई चाल से शोरूम की सीढ़ियों पर आकर बैठ जाते हैं। जैसे किसी नाटक के शुरू होने से पहले कलाकार अपनी पोजीशन ले रहे हों।
इसके बाद शुरू होता है असली एक्शन! हाथ में लोहे की दो भारी रॉड्स… और देखते ही देखते शहर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार इस शोरूम का शटर तड़के की खामोशी को चीरता हुआ उठ जाता है। इंटरवल से पहले का यह क्लाइमेक्स महज़ कुछ सेकंड का था।
36 मिनट का साइलेंट थ्रिलर और 251 घड़ियों का गायब होना
दो शातिर नकाबपोश अंदर दाखिल होते हैं। बाहर तीन संतरी बनकर पहरा दे रहे हैं ताकि कोई अनचाहा किरदार (यानी पुलिस) सीन में वक्त से पहले दखल न दे सके। अंदर चल रहा खेल किसी जासूसी फिल्म से कम नहीं था। वे जानते थे कि कैमरे सब रिकॉर्ड कर रहे हैं, इसलिए उनकी पहली नजर उस ‘डीवीआर’ (DVR) पर थी जो उनके काले कारनामों को कैद कर रहा था। गलतफहमी में वे म्यूजिक सिस्टम को ही ‘दिमाग’ समझकर उखाड़ ले आए, पर जैसे ही दरवाजे पर पहुंचे, समझ आया कि पिक्चर अभी बाकी है—वे उसे वहीं छोड़कर वापस भागे!
मात्र 36 मिनट… जी हां, ठीक 4:36 पर घुसे और 5:12 पर पांच बड़े-बड़े बैगों में कुल 251 कीमती घड़ियां भरकर हवा हो गए। कोई शोर नहीं, कोई हंगामा नहीं। बस, ढाई करोड़ का माल गायब!
जब सूरज की पहली किरण ने जयपुर को जगाया और शोरूम के कर्मचारियों ने शटर की टूटी हुई हालत देखी, तो उनकी आंखें खुली की खुली रह गईं। अब पुलिस इस पूरी मर्डर मिस्ट्री… माफ कीजिए, वॉच मिस्ट्री के हर एक फ्रेम को खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज रील की तरह घूम रहे हैं, और तलाश उस ‘मास्टरमाइंड’ की है जिसने इस परफेक्ट स्क्रिप्ट को अंजाम दिया।
देखना दिलचस्प होगा कि खाकी वर्दी वाले इस थ्रिलर का द एंड (The End) कैसे करते हैं!
About Author
You may also like
गीतांजली कॉलेज ऑफ नर्सिंग में पैलिएटिव केयर पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित
महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन के 43वें वार्षिक सम्मानों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित : 14 मार्च 2027 को आयोजित होगा समारोह
खण्डेलवाल वैश्य समाज समिति उदयपुर के विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का उत्साह
स्टेट सीनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में उदयपुर का गौरव : नगर निगम के कार्यवाहक जमादार जुम्मा खान ने जीता कांस्य पदक
तीन सदियों की अटूट आस्था का महाकुंभ : कुमावतपुरा में श्री चारभुजानाथ मंदिर की 300वीं वर्षगांठ पर भक्ति के रंग में डूबी झीलों की नगरी
