भजनलाल मंत्रिमंडल में आखिर उदयपुर शहर से कौन बना मंत्री?

उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल का गठन हो ही गया। उदयपुर जिले की आठ सीटों में से छह सीटें जीतने वाली भाजपा ने सिर्फ झाड़ोल-कोटड़ा के विधायक बाबूलाल खराड़ी को मंत्री बनाया है, वे इसके हकदार भी हैं। उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की विरासत संभालने वाले विधायक ताराचंद जैन का नाम भी दावेदारों में शामिल था, लेकिन राजनीतिक समीकरण के कारण एनवक्त पर उनका कट गया। इसके बावजूद उदयपुर शहर से ही एक शख्स ने मंत्री पद की शपथ ली है।


यह नाम आपको चौंका सकता है क्योंकि इस बारे में बहुत कम लोगों को ही जानकारी है। ये नाम है मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कॉमर्स कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. मंजू बाघमार का जो नागौर जिले में जायल विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुनी गईं। राजस्थान कैबिनेट में दूसरी महिला मंत्री के रूप में डॉ. मंजू बाघमार ने शपथ ली।


जायल विधायक डॉ. मंजू बाघमार को राज्य मंत्री बनाने पर जायल में खुशी की लहर है। कस्बे सहित विधानसभा क्षेत्र में जगह जगह आतिशबाजी के साथ मिठाई बांटकर समर्थक प्रसन्नता जता रहे हैं । मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय उदयपुर में प्रोफेसर रही डॉ. बाघमार दूसरी बार जायल विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वर्ष 2008 से लगातार चार बार भाजपा प्रत्याशी रही बाघमार वर्ष 2013 व 2023 में विधायक निर्वाचित हुई।


राजस्थान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार का शनिवार को पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया जिसमें 22 मंत्रियों ने शपथ ली। राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंत्रियों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिनमें बारह कैबिनेट और पांच राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं पांच राज्य मंत्री शामिल हैं।

(Visited 132 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply