नाइट रन 2.0, सेफ वुमन, सेफ उदयपुर थीम पर 13 जून को दौड़ेंगी 300 से अधिक महिलाएं, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देंगी

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को समर्पित एक अनूठी पहल होने जा रही है। यशवंत फाउंडेशन द्वारा आगामी 13 जून को “नाइट रन 2.0” का आयोजन किया जाएगा। “सेफ वूमेन, सेफ उदयपुर” की खास थीम पर आयोजित होने वाली इस विशेष नाइट रन के लिए अब तक शहर की 300 से अधिक महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवा लिया है। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं के भीतर आत्मनिर्भरता व आत्मविश्वास का संचार करना है।

महाकाल मंदिर से राजीव गांधी गार्डन तक सजेगा हौसलों का कारवां

आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस दौड़ का शुभारंभ 13 जून को शाम 7:30 बजे महाकाल मंदिर से होगा, जहाँ से सभी महिला प्रतिभागी पूरे उत्साह के साथ राजीव गांधी गार्डन तक की दूरी तय करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेवाड़ राजपरिवार की निवृत्ति कुमारी मेवाड़ उपस्थित रहेंगी, जिनकी गरिमामयी मौजूदगी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाएगी।

यह केवल दौड़ नहीं, एक जनजागरूकता अभियान है : कनिष्का श्रीमाली

यशवंत फाउंडेशन की संस्थापक कनिष्का श्रीमाली ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा,

“‘नाइट रन 2.0’ केवल एक खेल गतिविधि या दौड़ मात्र नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और समाज के हर क्षेत्र में उनकी सशक्त व बराबरी की भागीदारी को रेखांकित करने वाला एक बड़ा जनजागरूकता अभियान है। इस आयोजन के माध्यम से हम संदेश देना चाहते हैं कि महिलाएं रात के समय भी खुद को पूरी तरह सुरक्षित और आत्मविश्वास से लबरेज महसूस करें, और समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहे।”

सफल आयोजन के लिए जुटे शहर के कई संगठन

इस अभिनव पहल को सफल बनाने के लिए उदयपुर के कई प्रतिष्ठित संस्थानों, समाजसेवियों और प्रायोजकों ने अपना सहयोग दिया है। इनमें एसके फाउंडेशन की स्मिता चौधरी, अर्थ डायग्नोस्टिक्स के अरविंदर जी, आरके प्रॉपर्टीज के कृष्णा कौशिक, ओरुविला के फाउंडर चेतन जैन, विकल्प संस्थान की उषा चौधरी, शी सर्कल इंडिया की फाउंडर तारिका भानुप्रताप सिंह, बीसीआई से मुकेश माधवानी, डॉक्टर अनुष्का ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के राजीव सुराणा, पीएसी की मीनाक्षी भैरवानी, मृणाल फिटनेस एंड एम्पायर के मृणाल जी, संगम होल्डिंग्स के कमल जी, गो हिग्लर प्राइवेट लिमिटेड से जयवर्धन जी, किचन डॉट कॉम से हार्दिक जी और आंटी किचन के संतोष जी सहित अनेक सहयोगी कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हुए हैं।

यशवंत फाउंडेशन ने समस्त उदयपुर शहरवासियों से इस सकारात्मक मुहिम का समर्थन करने और आयोजन का हिस्सा बनकर महिला सशक्तिकरण के इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की पुरजोर अपील की है।

(Visited 20 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply