
उदयपुर। होटल एसोसिएशन उदयपुर के वर्ष 2026-28 के कार्यकाल के लिए शुक्रवार को हुए द्विवार्षिक चुनाव में उद्योग को नया अध्यक्ष मिल गया है। होटल ‘यॉइस’ में सुबह से शाम तक चली बेहद रोमांचक और उत्साहपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के बाद घोषित परिणामों में राजेश अग्रवाल को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं, टीम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौरव कोठारी और उपाध्यक्ष पद पर उषा शर्मा ने शानदार जीत दर्ज की है।
चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद कुमठ, संयोजक नरेंद्र धींग और सह संयोजक विनीत दमानी की देखरेख में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। दोपहर में मतदान के दौरान दोनों ही गुटों के समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। एसोसिएशन के कुल 202 मतदाताओं में से रिकॉर्ड 190 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम को हुई मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा की गई, जो इस प्रकार रहे:
अध्यक्ष पद पर युवा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल चुने गए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी यशवर्धन राणावत रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौरव कोठारी ने जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए उषा शर्मा चुनी गईं।
कार्यकारिणी के नए सदस्यों की घोषणा
एसोसिएशन की नई 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में मनदीप सिंह चौहान, शक्ति सिंह, गौरव बंदवाल, गुंजन वैष्णव, कृष्णवीर सिंह, विकास पोरवाल, आकांक्षा गोयल, जॉय शुहालका, निर्मल अग्रवाल, तेजेंद्र सिंह रोबिन, अरुणा दोषी और मानव भंडारी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया है।
निवर्तमान अध्यक्ष सुदर्शन देव सिंह कारोही ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह नई ऊर्जावान टीम होटल व्यवसायियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उदयपुर के पर्यटन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
उदयपुर में ‘नाइट टूरिज्म’ और सरल लाइसेंसिंग पर रहेगा विशेष फोकस
अपनी जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होटल उद्योग केवल एक व्यवसाय नहीं है, बल्कि यह झीलों की नगरी उदयपुर की वैश्विक पहचान और हजारों परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है।
उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा “हमारी नई टीम का मुख्य लक्ष्य एसोसिएशन के प्रत्येक सदस्य की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और संगठन को अधिक मजबूत बनाना है। आने वाले समय में उदयपुर में नाइट टूरिज्म (Night Tourism) को बढ़ावा देने, नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने, सरकारी विभागों से लाइसेंसिंग व्यवस्था को सरल बनाने तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर हमारा विशेष फोकस रहेगा।”
जीत के बाद जश्न का माहौल : परिणाम घोषित होते ही होटल उद्योग से जुड़े सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अंबालाल बोहरा, कमल भंडारी, पारस सिंघवी, मनीष गलुंडिया, भगवान वैष्णव, जितेश कुमावत, रमेश दोषी, आशीष छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में उदयपुर के नामी होटल व्यवसायी और गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
About Author
You may also like
महिला समृद्धि बैंक ने 32वें स्थापना दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के साथ किया ‘हरियालो राजस्थान’ का आगाज़
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा उदयपुर का नाम : इटली की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित होगा दिनेश कोठारी का फोटोग्राफ
नाइट रन 2.0, सेफ वुमन, सेफ उदयपुर थीम पर 13 जून को दौड़ेंगी 300 से अधिक महिलाएं, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देंगी
विश्व युद्ध का खतरा टला! राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होने वाले नए हमले रोके, बोले- डील पक्की, जल्द होगी घोषणा
उदयपुर की झीलों को बचाने के लिए राजस्थान हाई कोर्ट सख्त : प्रदूषण और अतिक्रमण की खबरों पर कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
