फतहसागर की पाल पर गूंजा योग संदेश : 300 से अधिक लोगों ने किया पूर्वाभ्यास, पक्षी संरक्षण के लिए बांटे घोंसले

 

उदयपुर।  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार प्रातः फतहसागर की पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का भव्य पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक योग साधकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

 

योग को दैनिक जीवन में आत्मसात करना समय की आवश्यकता: प्रो. कैलाश डागा

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर कैलाश डागा ने सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग को दैनिक जीवन में आत्मसात करना बेहद आवश्यक हो गया है। नियमित योगाभ्यास न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ और ऊर्जावान रखता है, बल्कि मानसिक रूप से भी सकारात्मक और संतुलित बनाता है।

 

“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर हुआ अभ्यास

योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मुख्य थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। फतहसागर की पाल पर कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं योग निद्रा का क्रमवार अभ्यास कराया गया।

यह मिनिट-टू-मिनिट पूर्वाभ्यास पेसिफिक विश्वविद्यालय की डॉ. शुभा सुराणा, रिमझिम शर्मा, श्वेता शर्मा और पूजा शर्मा के तकनीकी सहयोग से संपन्न हुआ। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योगासनों की सही विधि, बरती जाने वाली सावधानियों तथा उनसे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

 

विशेष आकर्षण: पर्यावरण और पक्षी संरक्षण के लिए बांटे 300 घोंसले

इस योग शिविर में स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी एक अनूठा संदेश दिया गया। कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में समाजसेवी कृष्ण गोपाल गुर्जर द्वारा फतहसागर पहुंचे योग साधकों और आमजन को 300 से अधिक परिंदों व चिड़ियों के कृत्रिम घोंसले निःशुल्क वितरित किए गए। इस सराहनीय पहल के माध्यम से भीषण गर्मी के इस मौसम में पक्षी संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, जिसका अमित शर्मा, सपना औदीच्य सहित कई पशु-पक्षी प्रेमियों ने लाभ उठाया।

 

विभिन्न सामाजिक और योग संस्थाओं का रहा सक्रिय सहयोग

आयुष विभाग के सहायक निदेशक भानु कुमार जैन ने बताया कि इस 50 दिवसीय अभियान के माध्यम से जिलेभर में योग के प्रति चेतना जागृत हो रही है। उन्होंने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रिंसिपल अशोक कुमार शर्मा, पूर्व वन अधिकारी डॉ. एन. सी. जैन, डॉ. इकबाल गौरी, डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. विष्णु बन्सीवाल सहित मॉर्निंग योगा यूनिवर्सिटी क्लब, पतंजलि योग समिति, क्रीड़ा भारती, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, ओसवाल सभा और आरोग्य विहार धाम जैसी कई संस्थाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

 

कल सुखाड़िया समाधि परिसर में होगा अगला पूर्वाभ्यास

डॉ. शोभालाल औदीच्य ने जानकारी दी कि योग काउंटडाउन की इसी श्रृंखला में अगला सामूहिक योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास 15 जून को प्रातः 6:15 बजे सुखाड़िया समाधि परिसर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शहर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों से इस अभ्यास सत्र में भी अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने 21 जून के मुख्य कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

About Author

Leave a Reply