कर्नाटक में ब्रेकफास्ट पॉलिटिक्स : सियासी गर्माहट के बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने सीएम सिद्धारमैया को नाश्ते पर बुलाया

 

बेंगलुरु। कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को मंगलवार सुबह नाश्ते पर आमंत्रित किया है। शिवकुमार ने इस मुलाक़ात की जानकारी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे और सीएम आगे भी एक टीम की तरह काम करते रहेंगे।

उन्होंने लिखा, “मैंने माननीय मुख्यमंत्री को नाश्ते पर बुलाया है ताकि कर्नाटक से किए गए अपने वादों को पूरा करने के लिए हमारी संयुक्त कोशिशों पर चर्चा की जा सके और उन्हें और मजबूत बनाया जा सके।”

इस राजनीतिक गतिविधि पर बीजेपी विधायक एस. सुरेश कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “शीतकालीन सत्र सात दिनों में शुरू होने वाला है। जनता गंभीर मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद कर रही है लेकिन सरकार अपने ही आंतरिक विवादों में उलझी हुई है।”

इससे पहले 29 नवंबर को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने खुद डीके शिवकुमार को अपने आवास पर नाश्ते के लिए बुलाया था, जिसके बाद दोनों नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस की थी। प्रेस वार्ता में दोनों ने आपसी मतभेदों की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि वे हमेशा पार्टी हाईकमान के निर्देशों का पालन करेंगे।

कर्नाटक में चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच इन लगातार मुलाक़ातों को राज्य की सत्ता संरचना में सामंजस्य स्थापित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

(Visited 14 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply