
जयपुर। एजीटीएफ झुंझुनूं और पिलानी पुलिस ने एक संयुक्त बड़ी कार्रवाई में करीब ₹6.4 करोड़ रुपये की चोरी की चांदी बरामद कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह भारी मात्रा में चांदी चेन्नई से चोरी हुई प्रतीत होती है और इसे पिलानी कस्बे में छिपाया गया था।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी विकास धींधवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में एजीटीएफ टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम देते हुए आरोपी विकास जांगीड़ पुत्र स्वरूप (33), निखिल जांगीड़ पुत्र विजय (24) निवासी केहरपुरा खुर्द थाना बगड व राजबीर जांगीड़ पुत्र रतनलाल (31) निवासी बडी थीरपाली थाना हमीरवास जिला चुरू को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के पास से पुलिस ने लगभग 6.4 करोड़ रुपये कीमत की 365 किलो 715 ग्राम चांदी (चांदी के बर्तन, ईंटें और सजावट का सामान) बरामद किया है।
*जयपुर से पिलानी तक के खंगाले दर्जनों सीसीटीवी*
एसपी उपाध्याय के निर्देश पर एजीटीएफ और पिलानी पुलिस ने इस ऑपरेशन को बेहद गोपनीयता से अंजाम दिया। चेन्नई पुलिस से सूचना मिलते ही एजीटीएफ टीम ने संदिग्धों का पीछा करना शुरू कर दिया।
टीम ने अपराधियों की लोकेशन ट्रैक करने के लिए जयपुर से लेकर पिलानी तक के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और तकनीकी आसूचना का सहारा लिया। अथक मेहनत के बाद एजीटीएफ टीम को राजगढ रोड स्थित एक कॉलोनी में धर्मपाल जांगीड़ के मकान की सटीक लोकेशन मिली। टीम ने जब दबिश दी, तो मकान के अंदर छिपाई गई चांदी की खेप बरामद हुई।
फिलहाल तीनों संदिग्धों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, ताकि उन्हें हिरासत में रखा जा सके। अग्रिम कार्यवाही के लिए झुंझुनूं पुलिस अब चेन्नई पुलिस के आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
————–
About Author
You may also like
हिंदुस्तान जिंक का बड़ा कीर्तिमान: FY26 में जोड़े 3.2 करोड़ टन अयस्क संसाधन; एक्सप्लोरेशन की सफलता दर 88% पार
परदे के पीछे: जब दो दिग्गजों के टकराव में नेपथ्य का कलाकार बाज़ी मार ले गया
युवा इंजीनियर्स के दम पर हिंदुस्तान जिंक गढ़ रहा देश के माइनिंग सेक्टर का भविष्य
भीगी पलकें, थम गई सांसें : हर आंख में आंसू थे जब महासतिया की 425 साल पुरानी छतरियों के बीच हमेशा के लिए सो गईं मां… मुखाग्नि देते टूट पड़े लक्ष्यराज
उदयपुर नगर निगम महापौर चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 16 सितंबर से शुरू होंगे नामांकन
