
जयपुर। राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को नीट (NEET) पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ चल रहे एक प्रदर्शन के दौरान उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के फाउंडर और चीफ अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। भीड़ के बीच समर्थकों के कंधे पर बैठे अभिजीत दीपके को करीब 6 युवकों ने अचानक थप्पड़ जड़ दिए. इस घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पार्टी समर्थकों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावरों में से दो युवकों को मौके पर ही दबोच लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी. सूचना मिलते ही मुस्तैद हुई पुलिस ने थप्पड़ मारने वाले राकेश गुर्जर, रोहित वैष्णव, अर्जुन पंडित और अजय सहित सभी 6 हमलावर युवकों को हिरासत में लेकर विधायकपुरी थाने पहुंचा दिया है.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े थे प्रदर्शनकारी
पार्टी संयोजक अभिजीत दीपके की अगुवाई में सैकड़ों युवा और प्रदर्शनकारी सोमवार को देशव्यापी नीट पेपर लीक घोटाला, बदहाल शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए थे. हाथों में तिरंगा और ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ तथा ‘पेपर लीक बंद करो’ के नारे लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शनकारी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं को भी अपने छोटे बच्चों के साथ शामिल होते देखा गया. इससे पहले कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनूठा तरीका अपनाते हुए शहीद स्मारक के मुख्य गेट पर कॉकरोच का स्केच बनाया और दीवारों पर ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के स्लोगन लिखे थे.
थप्पड़कांड के बाद बोले अभिजीत- ‘हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी’, 20 जून को दिल्ली कूच का ऐलान
इस अप्रत्याशित हमले और थप्पड़कांड के बाद भी CJP चीफ अभिजीत दीपके का हौसला नहीं डिगा और उन्होंने मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया. उन्होंने देश में भाईचारे का संदेश देते हुए कड़े लहजे में नारा लगाया:
“देश में अब हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी. हमें यह स्वतंत्रता महान कुर्बानियों के बाद मिली है. हमें लगातार जाति और धर्म के नाम पर आपस में बांटने की कोशिश की जाती है, लेकिन युवाओं को इस राजनैतिक जाल में बिल्कुल नहीं फंसना है.”
अभिजीत दीपके ने आंदोलन को और धार देने की घोषणा करते हुए ‘दिल्ली चलो’ का नारा बुलंद किया. उन्होंने ऐलान किया कि आगामी 20 जून को पार्टी के कार्यकर्ता फिर से दिल्ली कूच करेंगे और इस बार जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हो जाता, वे बिना इस्तीफा लिए वापस नहीं लौटेंगे. इस संबोधन के बाद राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त किया गया.
आपस में भिड़े गुट, प्रदर्शन के दौरान कई मोबाइल भी हुए पार
हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच धरना स्थल पर कुछ युवकों के बीच किसी बात और नारेबाजी को लेकर आपस में ही तीखी बहस और विवाद हो गया, जिसके बाद पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया. वहीं, इस भारी भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर जेबकतरों ने कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन और कीमती सामान पार कर दिए. कइयों के फोन चोरी होने की शिकायत के बाद बाकायदा मंच से उद्घोषणा कर लोगों को अपने सामान और मोबाइल के प्रति सतर्क रहने की हिदायत दी गई. पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी हमलावर युवकों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.
About Author
You may also like
जब सब रास्ते बंद हो गए, तब मैंने AI से उम्मीद जगाई : ChatGPT ने दशकों से बिछड़े परिवार को आपस में मिलाया
सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा हमला : गहलोत जादूगर हैं, कांग्रेस में हेराफेरी के लिए जाने जाते हैं, डोटासरा की बातों का जवाब दें
राष्ट्रमंडल खेल 2026 : मुफ़्लिसी और आंसुओं को हराकर जूडो में जीता गोल्ड, फटे जूतों से लेकर तिरंगे की आन तक की दो भावुक कहानियां
सुविवि और प्रकृति रिसर्च सोसायटी का संयुक्त पौधरोपण अभियान : IET व CoA परिसर में रोपे गए सैकड़ों पौधे
महिला आरक्षण तुरंत लागू करने की मांग को लेकर ऐपवा का प्रदर्शन, कलेक्ट्री पर की नारेबाजी
