एनआईआरएफ में टॉप 100 में आने के एक दिन बाद ही एमएलएसयू के कुलपति के खिलाफ प्रदर्शन

उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी (एमएलएसयू) के कुलपति प्रोफेसर सुनीता मिश्रा के खिलाफ छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। एक दिन पहले ही यूनिवर्सिटी ने एनआईआरएफ (राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क) में टॉप 100 में शामिल होने पर गर्व जताया था, लेकिन अगले ही दिन कुलपति के खिलाफ आरोपों को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।

छात्रों का आरोप है कि कुलपति प्रोफेसर सुनीता मिश्रा ने एक छात्रा के मैसेज का अपमानजनक भाषा में जवाब दिया था। इसके बाद, छात्रों ने प्रशासनिक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए वीसी का पुतला जलाया और “वीसी की तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। बाद में, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतापनगर थाने पहुंची और कुलपति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ छात्राएं बीए, बीएससी, और बीकॉम के रिजल्ट में संशोधन की मांग को लेकर वीसी से मिलने आईं। लेकिन उन्हें पता चला कि वीसी जयपुर में हैं। इसके बाद, उन्होंने चीफ प्रोक्टर पूरणमल यादव से मुलाकात की, जिन्होंने फोन पर वीसी से बात कर आश्वासन देने की कोशिश की। बावजूद इसके, छात्राओं ने व्हाट्सऐप के जरिए वीसी से संपर्क किया, लेकिन जवाब में उन्हें अपशब्द मिले। इस घटना के बाद छात्राओं ने आक्रोशित होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

छात्र नेता रोनक राजसिंह शक्तावत और अन्य ने चेतावनी दी है कि यदि कुलपति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे वापस प्रदर्शन करेंगे। छात्र नेताओं ने कुलपति पर अक्सर छुट्टियों पर रहने और छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया है।

(Visited 16 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply