
उदयपुर। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को उदयपुर में नियमों की अनदेखी कर बेचे जा रहे ई-स्कूटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों को जब्त किया है।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ज्ञानदेव विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिवहन अधिकारी नितिन बोहरा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गोवर्धन विलास स्थित ओला ई-स्कूटर शोरूम पर छापा मारा। इस दौरान शोरूम में बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट के व्यवसाय किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान विभाग को वहां 16 ऐसे ई-स्कूटर मिले, जिन्हें नियमों के विरुद्ध बेचा जा रहा था। सभी स्कूटर जब्त कर लिए गए हैं और शोरूम संचालक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जुर्माना भी लगाया गया है।
श्री विश्वकर्मा ने बताया कि दोपहिया और चौपहिया वाहनों की बिक्री करने वाले प्रत्येक डीलर के पास परिवहन विभाग से अधिकृत ट्रेड सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है। इसके बिना वाहन बेचना गैरकानूनी है।
विभाग को यह भी जानकारी मिली है कि शहर के भीतरी इलाकों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिना वैध प्रमाणपत्र के वाहनों की बिक्री की जा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जो आने वाले दिनों में जिलेभर में छापेमारी कर इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाएगी।
परिवहन विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वाहन खरीदते समय डीलर के दस्तावेजों की जांच अवश्य करें और नियम विरुद्ध बिक्री की जानकारी विभाग को दें।
About Author
You may also like
पर्दे के पीछे का उदयपुर : जब हर चौखट पर सजता है दरबारे-खास और किरदार बदलते हैं नकाब
उदयपुर नगर निगम चुनाव का सूक्ष्म चुनावी विश्लेषण : 80 वार्डों में 41 सीटों पर बगावत और बहुकोणीय जंग
वार्ड 45 में रोड शो और चुनावी मंथन : क्या दिनेश भट्ट का संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व बनेगा वार्ड के विकास की धुरी?
वार्ड-33 के प्रत्याशी जतिन श्रीमाली की कलम से
वार्ड 72 में निकली नरेश वैष्णव की पदयात्रा : भाजपा प्रत्याशी ने लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद, विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
