दौसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, टक्कर के बाद बस और ट्रक में लगी आग, 8 तीर्थयात्रियों की मौत, 21 घायल

 

दौसा/कोलवा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बेहद हृदयविदारक और खौफनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। कोलवा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार टूरिस्ट स्लीपर बस और खाली ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 8 तीर्थयात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों वाहनों ने भीषण आग पकड़ ली, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही दौसा और बांदीकुई से दमकल की गाड़ियां तथा पुलिस व प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

हरिद्वार-ऋषिकेश से इंदौर लौट रहे थे 37 तीर्थयात्री

दौसा जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और एसपी पीयूष दीक्षित ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना का शिकार हुई स्लीपर बस ‘हंस ट्रैवल्स, इंदौर’ की थी। बस में करीब 37 तीर्थयात्री सवार थे, जो हरिद्वार और ऋषिकेश के दर्शन कर वापस इंदौर (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे।

जैसे ही दोनों वाहनों में टक्कर के बाद आग लगी, अधिकांश यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़कियों और दरवाजों से बाहर छलांग लगा दी। इसके चलते 4 यात्री पूरी तरह सुरक्षित बच गए। हालांकि, वाहनों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और केबिन पिचक जाने के कारण कुछ लोग अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आ गए।

6 यात्री जिंदा झुलसे, ओवरटेक बना हादसे की वजह

चिकित्सकों और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में से 6 यात्रियों की मौत आग में बुरी तरह झुलसने के कारण हुई है, जबकि 2 अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से दम तोड़ा। हादसे में घायल सभी 21 यात्रियों को तुरंत दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों पर बात करते हुए एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि दोनों गाड़ियां एक्सप्रेसवे के बिल्कुल सीधे हिस्से पर चल रही थीं। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि किसी तीसरे अज्ञात वाहन द्वारा गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान नियंत्रण बिगड़ा और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस फिलहाल एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सांसद मुरारीलाल मीणा पहुंचे अस्पताल, उच्च स्तरीय कमेटी की मांग

भयावह दुर्घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस सांसद मुरारीलाल मीणा तुरंत घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित उपचार के लिए डॉक्टरों को निर्देशित किया।

एक्सप्रेसवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सांसद मीणा ने कहा, “दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे बेहद चिंताजनक हैं। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने के लिए सरकार को तुरंत एक उच्च स्तरीय समिति (कमेटी) का गठन करना चाहिए। यह कमेटी एक्सप्रेसवे पर होने वाले एक्सीडेंट्स के मुख्य कारणों का गहन अध्ययन करे और सुरक्षात्मक सुधारों के कड़े सुझाव लागू करवाए।”

 

About Author

Leave a Reply