विधानसभा आम चुनाव-2023 : महिला व दिव्यांगजन के मतदान दलों को प्रशिक्षण

विभिन्न मतदान केन्द्रों पर महिलाएं संभालेंगी कमान


उदयपुर। विधानसभा आम चुनाव-2023 के मद्देनजर शनिवार को महिला, दिव्यांग व यूथ के लिए बनने वाले विशेष बूथों पर नियोजित मतदान दलों का प्रशिक्षण फतह विद्यालय में सम्पन्न हुआ।

एडीएम प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष सुराणा ने प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा की और निर्वाचन विभाग की गाइडलाइन व दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा दिये गये प्रशिक्षण के आधार पर निर्भीक होकर स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण कराने की बात कही। महिलाओं एवं दिव्यांगजनों ने इस सुअवसर के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी का आभार जताया।


प्रशिक्षण प्रभारी जितेन्द्र कुमार ओझा ने बताया कि इस बार प्रत्येक विधानसभा में 8 मतदान केन्द्रों पर समस्त व्यवस्थाएं महिलाओं के जिम्मे रहेगी। इन मतदान केन्द्रों पर पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी सहित अन्य सभी कार्मिक महिलाएं ही होगी। इन मतदान केन्द्रों को सखी मतदान केंद्र के नाम से संबोधित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय मास्टर डॉ महामाया प्रसाद चौबीसा ने सभी इन महिलाओं के ईवीएम से मतदान कराने की प्रक्रिया का व्यावहारिक व सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया और निर्वाचन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में जानकारी दी।

डॉ. चौबीसा ने बताया कि इसी प्रकार दिव्यांग मतदान बूथ के लिए भी प्रशिक्षण हुआ। सभी विधानसभाओं में एक मतदान केन्द्र पर सभी मतदान कर्मी दिव्यांग रहेंगे और निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करेंगे। वहीं मीरा महाविद्यालय में भी शेष रहे पीठासीन अधिकारियों, पीओ प्रथम, द्वितीय व तृतीय का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ।

(Visited 25 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply