
जिला कलेक्टर महोदय
श्रीमान नमित मेहता
उदयपुर (राजस्थान)
विषय : शहर के मध्य में स्थित तीन डिस्पेंसरियों के एकीकरण एवं मल्टीस्टोरी मिनी सेटेलाइट अस्पताल की स्थापना हेतु अनुरोध।
महोदय,
निवेदन है कि मैं उदयपुर शहर का एक जागरूक नागरिक होते हुए, आपके संज्ञान में एक अत्यंत आवश्यक विषय लाना चाहता हूँ, जो कि नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है।
जैसा कि अवगत है, जब उदयपुर शहर की सीमा चारदीवारी तक सीमित थी, उस समय धानमंडी क्षेत्र में एक डिस्पेंसरी की स्थापना की गई थी, जिसका संचालन आज भी आरएनटी मेडिकल कॉलेज के अधीन किया जा रहा है। कुछ वर्ष पूर्व तक इसी क्षेत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) का कार्यालय भी स्थित था, जिसे अब बड़ी में स्थानांतरित कर दिया गया है। वहां भी एक नई डिस्पेंसरी स्वास्थ्य विभाग के अधीन संचालित हो रही है। इसके अतिरिक्त, अमल का कांटा क्षेत्र, जो उपरोक्त स्थानों से लगभग 300 मीटर की दूरी पर है, वहां तीसरी डिस्पेंसरी भी कार्यरत है।
उल्लेखनीय है कि उपर्युक्त तीनों चिकित्सा संस्थान एक-दूसरे के अत्यंत समीप स्थित हैं, और यह संपूर्ण परिसर लगभग दो बीघा क्षेत्रफल में फैला हुआ है। ऐसी स्थिति में, मेरा यह सुझाव है कि इन तीनों डिस्पेंसरियों को एकीकृत कर एक मल्टीस्टोरी मिनी सेटेलाइट अस्पताल की स्थापना की जा सकती है। यदि इसका संचालन आरएनटी मेडिकल कॉलेज के अधीन किया जाए तो यह न केवल प्रशासनिक रूप से सुव्यवस्थित रहेगा, बल्कि बेहतर चिकित्सा सेवाएं भी सुनिश्चित की जा सकेंगी।

इस प्रस्ताव से निम्न लाभ स्पष्ट रूप से सामने आते हैं:
शहर के मध्यवर्ती क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को सुलभ व समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबी अस्पताल) पर मरीजों का भार कम होगा।
स्वास्थ्य विभाग एवं आरएनटी मेडिकल कॉलेज के बीच समन्वय बढ़ेगा।
एकीकृत ढांचा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रूप में प्रस्तुत कर सकेगा।
विदित हो कि यह विषय पूर्व में भी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है, किंतु अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। विगत दिनों आपने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को सशक्त बनाने में विशेष रुचि दिखाई है, जो अत्यंत सराहनीय है। इसी विश्वास के साथ मैं आपसे निवेदन करता हूं कि इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करने की कृपा करें।
आपके उत्तर की प्रतीक्षा में,
सादर,
[उदयपुर का नागरिक]
About Author
You may also like
उदयपुर की बिसात : जिला प्रमुख की कुर्सी, सामान्य वर्ग की बाजी और पहले चरण का सियासी चक्रव्यूह
शौर्य चक्र विजेता मेजर मुस्तफा की चौथी पुण्यतिथि: फतहसागर की पाल पर गूंजा ‘रन फॉर मुस्तफा’, नम आंखों और गर्व के साथ उदयपुर ने दी श्रद्धांजलि
उदयपुर में विजयादशमी पर RSS का भव्य पथ संचलन : शस्त्र पूजन के बाद कदमताल करते निकले स्वयंसेवक; पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
परदे के पीछे: चकाचौंध के बाज़ार में जिस्म, जेवर और जिंदगी की जद्दोजहद
नई पीढ़ी को कसूरवार ठहराने से पहले, उसे समझिए…बदलती सोच, बिखरते संवाद और संस्कारों की नई कसौटी
