हरियाणा बॉर्डर के पास सड़क हादसे में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी की मौत, सिंह और उनका पुत्र घायल

अलवर। हरियाणा बॉर्डर के पास कार हादसे में बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की मौत हो गई। इस दुर्घटना में मानवेंद्र सिंह, उनका बेटा हमीर सिंह और ड्राइवर घायल हो गए हैं। हादसा मंगलवार शाम 5 बजे अलवर के नौगांवा के पास खुसपुरी में हुआ। घायलों को अलवर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

अलवर एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि कार में ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे और दिल्ली से जयपुर आ रहे थे। कंट्रोल रूम पर फोन से हादसे की सूचना मिली थी कि रसगन से खुसपुरी के बीच कार का एक्सीडेंट हो गया है।

हालांकि अभी तक हादसा कैसे हुआ इसके कारण सामने नहीं आए हैं। लेकिन, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार स्पीड में थी जो सड़क के नीचे उतर गई और इसके बाद डिवाइडर पार करते हुए दीवार से टकरा गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने ड्राइवर को बड़ौदामेव के सरकारी हॉस्पिटल ले गए।

हादसे में ड्राइवर का पैर भी फ्रैक्चर हो गया, उन्हें अलवर के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। एएसपी ने बताया कि बाकी लोगों की हालत खतरे से बाहर है।

बेटे का हाथ टूटा, पूर्व सांसद की पसली

मानवेंद्र सिंह के बेटे हमीर सिंह के हाथ और नाक में फ्रैक्चर हुआ है। पूर्व सांसद के सीने की पसली टूटी है। फेफड़े में भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी का इलाज शुरू कर दिया गया है।

आपको बता दें कि पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह पूर्व विदेश एवं वित्त मंत्री जसवंत सिंह के बेटे हैं। बाड़मेर-जैसलमेर से एक बार सांसद बने हैं, वहीं उनकी पत्नी चित्रा सिंह उनके साथ में राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। इनका एक बेटा और एक बेटी है। लंबे समय से जोधपुर एयरफोर्स एरिया में रहते हैं। इनका पैतृक गांव बालोतरा जिले की जसोल है। पूर्व विदेश मंत्री की पुत्रवधू चित्रा सिंह चित्तौड़गढ़ के भैंसरोडगढ़ राजघराने परिवार से हैं।

(Visited 187 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply