जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियान थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। आयशा नगर के तलाई क्षेत्र में एक मकान के भीतर संचालित की जा रही कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि रिहायशी इलाके में स्थित इस मकान में पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। आग लगते ही तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन की प्राथमिकता आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकना और संभावित बड़े नुकसान को टालना है।
मौके पर संदेश नायक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगी, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित खतरनाक इकाइयों पर सवाल खड़े करती है। प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि संबंधित परिसर में पटाखा निर्माण और भंडारण की अनुमति थी या नहीं।
About Author
You may also like
राष्ट्रीय स्तर पर चमका उदयपुर का नाम : दी उदयपुर महिला समृद्धि अर्बन को-ऑप. बैंक लि. को मिले दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार, लखनऊ और पूना में हुआ सम्मान
जयपुर में कड़े पहरे के बीच चला जेडीए का बुलडोज़र, मंदिर-मस्जिद समेत 125 अवैध निर्माण ध्वस्त
भ्रष्टाचार की बीज और उगाही का खेल… क्या राजस्थान में जांच के नाम पर चल रही है सरकारी डकैती?
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए जारी की लिस्ट: मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक से ठोकेंगे ताल, पवन खेड़ा और मीनाक्षी नटराजन को भी मिला टिकट

