
उदयपुर। नियति का क्रूर खेल देखिए, एक पिता ने अपनी लाडली को बड़े अरमानों के साथ 13 महीने पहले विदा किया था, पर उसे क्या पता था कि जिस चौखट पर उसकी डोली उतरी है, वहां से उसकी अर्थी इतनी जल्दी और इतनी खौफनाक परिस्थितियों में उठेगी। उदयपुर के बेड़वास में 19 साल की भावना कुंवर की संदिग्ध मौत ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि रिश्तों की पवित्रता पर भी गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
शुक्रवार को प्रतापनगर थाने के बाहर का नजारा रूह कंपा देने वाला था। वहां खड़ी सिसकती मां और इंसाफ की गुहार लगाती महिलाओं की आंखों में गम कम और गुस्सा ज्यादा था। परिजनों का आरोप है कि जिस पति को भावना ने अपना सर्वस्व माना, उसी ने उसकी जिंदगी को नर्क बना दिया था। भाई अर्जुन सिंह की भर्राई आवाज ने बताया कि भावना ने सिर्फ अपने पति के मोबाइल में किसी दूसरी युवती की चैट देखने की ‘खता’ की थी। बस, इसी बात ने उसके सुहाग को हैवान बना दिया।
भावना के चाचा लालसिंह ने रुंधे गले से बताया, “जब हम अस्पताल पहुंचे, तो हमारी फूल जैसी बच्ची बेसुध पड़ी थी। उसके गले और हाथ-पांव पर नीले पड़े निशान चिल्ला-चिल्लाकर उस पर हुए जुल्म की दास्तां बयां कर रहे थे।” आरोप है कि पति हेमेन्द्र सिंह ने न केवल उसे शारीरिक तौर पर तोड़ा, बल्कि उसे अपनों से बात करने तक के लिए तरसा दिया था।
पुलिस की शुरुआती बेरुखी ने पीड़ित परिवार के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। राजपूत समाज की महिलाओं और पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत के नेतृत्व में जब दो घंटे तक थाने का घेराव हुआ, तब कहीं जाकर खाकी जागी और एफआईआर दर्ज की गई। अब सवाल यह है कि क्या भावना को न्याय मिलेगा? क्या समाज की वो बेटियां सुरक्षित रह पाएंगी जो अपनों के ही घर में अपनों के हाथों टॉर्चर हो रही हैं? फिलहाल, भावना के मायके मंदेरिया गांव में सन्नाटा पसरा है, जहाँ हर आंख सिर्फ एक ही सवाल पूछ रही है— आखिर उस मासूम का कसूर क्या था?
About Author
You may also like
झीलों की नगरी में फिर सजा ‘पर्यटन सुरक्षा’ का तमाशा : फीते कटने से नहीं, जवाबदेही तय होने से सुरक्षित होते हैं सैलानी
मेवाड़ की माटी में सत्ता की चौसर: जब पंचायत के अखाड़े में दांव पर लग जाए दिग्गजों की चौधराहट
उदयपुर में रामलीला का मंचन (तीसरा दिन) : जब पत्थर में जान फूंक दी गई और निम्बार्क मैदान में छलक उठीं आंखें
नवरात्रि में मां की कृपा पाने के लिए करें साधना: वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन, गूंजी देवी महिमा
गणेश नगर स्थित कालकामाता मंदिर में अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना : नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ, दर्शनार्थ उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
