जयपुर। राजस्थान इंटेलिजेंस ने मिलट्री इंटेलिजेंस बीकानेर के साथ संयुक्त कार्रवाई कर पाकिस्तान गुप्तचर एजेंसी के लिए जासूसी कर रहे बीकानेर के डूंगरगढ़ तहसील के लाखासर क्षेत्र के गांव उपर का बास निवासी विक्रम सिंह (31) को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस इंटेलिजेंस श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसियों द्वारा की जाने वाली जासूसी गतिविधियों पर राजस्थान इंटेलिजेंस द्वारा सतत निगरानी रखी जाती है। इस निगरानी के दौरान जानकारी में आया कि बीकानेर के डूंगरगढ़ क्षेत्र निवासी विक्रम सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया हैंडलर्स के निरंतर संपर्क में है।
एडीजी श्री अग्रवाल ने बताया कि इंटेलिजेंस जयपुर की टीम द्वारा विक्रम सिंह की गतिविधियों पर गहनता से निगरानी रखी गई तो पाया गया कि यह हनीट्रैप के प्रलोभन में आकर सोशल मीडिया के माध्यम से पाक महिला एजेंट के संपर्क में रहकर सामरिक महत्व की सूचना साझा कर रहा है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि आरोपी विक्रम सिंह आर्मी एरिया महाजन बीकानेर में लंबे समय से वेंट कैंटीन का संचालन कर रहा था। करीब एक साल से यह पाक खुफिया एजेंट अनीता के संपर्क में था। पाक हैंडलर के चाहे जाने पर विक्रम आर्मी एरिया की संवेदनशील जानकारियाँ जैसे फोटोग्राफ्स, प्रतिबंधित स्थान की लोकेशन व वीडियो एवं यूनिटों व अधिकारियों की जानकारी सोशल मीडिया पर उपलब्ध करवा रहा था।
एडीजी ने बताया कि आरोपी विक्रम सिंह से पूछताछ एवं उसके द्वारा प्रयुक्त मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण से उपरोक्त तथ्यों की पुष्टि होने पर आरोपी के विरुद्ध शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
—————–
About Author
You may also like
राजस्थान में निकाय चुनावों का बिगुल, दो चरण में हाेंगे : 309 निकायों में 9 व 11 सितं. को मतदान, 14 सितं. को रिजल्ट आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू
आचार संहिता से ठीक पहले राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 21 RAS अधिकारियों के तबादले, उदयपुर विकास प्राधिकरण को मिलीं नई उपायुक्त
मेवाड़ में 155 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन: कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधारे डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़
हिंदुस्तान जिंक ने छुई क्लीन एनर्जी में नई ऊंचाई: कुल बिजली खपत में रिन्यूएबल ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर 22 प्रतिशत पहुंची, पर्यावरण संरक्षण को मिला संबल
तो क्या अब पर्ची से ही तय होंगे मेयर और सभापति? राजस्थान निकाय चुनाव में दावेदारों की धड़कनें तेज
