महलों के शहर में मुजरा-पार्टी का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार

उदयपर। झीलों की नगरी, महलों की भव्यता और विदेशी सैलानियों की पसंदीदा मंज़िल… लेकिन इन खूबसूरत तस्वीरों के पीछे कभी-कभी ऐसा काला सच भी छिपा होता है, जो न केवल शहर की छवि को धूमिल करता है बल्कि पर्यटन उद्योग की प्रतिष्ठा पर भी सवाल खड़े कर देता है।

ऐसा ही एक मामला 2 अगस्त 2025 की रात सामने आया, जब उदयपुर पुलिस ने कोड़ियात रोड स्थित होटल गणेश में चल रही रेव/मुजरा पार्टी और देह व्यापार के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 पुरुष और 11 लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया।

मुखबिर से मिली थी अहम सूचना

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के मुताबिक, गिर्वा वृताधिकारी सूर्यवीर सिंह राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि होटल गणेश में विश्वजीत सोलंकी नामक आयोजक ने बाहर से लड़कियां मंगवाकर उनसे मुजरा और देह व्यापार करवाने की व्यवस्था कर रखी है।

सूचना के अनुसार, पार्टी में शामिल होने के लिए प्रति व्यक्ति ₹5,000 की एंट्री फीस ली जा रही थी और अवैध शराब की भी खुली सप्लाई थी। हैरानी की बात यह थी कि ग्राहकों में सिर्फ स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि गुजरात से बस भरकर आए ग्राहक भी मौजूद थे।

डिकॉय ऑपरेशन और रेड

पुलिस ने बिना समय गंवाए डिकॉय ऑपरेशन का सहारा लिया। हैड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल अजयराज और हैड कांस्टेबल प्रकाश को सत्यापन के लिए भेजा गया। सूचना सही पाई गई, तो तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल पर रेड की गई।
छापे में न सिर्फ 40 पुरुष और 11 लड़कियां पकड़ी गईं, बल्कि वहां से अवैध शराब, साउंड सिस्टम, आपत्तिजनक सामग्री और तीन बड़े वाहन भी जब्त किए गए।

शहर की छवि पर सवाल

उदयपुर, जो देश-विदेश से आने वाले सैलानियों के लिए शांति, संस्कृति और सुंदरता का प्रतीक माना जाता है, वहां ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय है। पर्यटन उद्योग जहां शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, वहीं इस तरह की गतिविधियां शहर की प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाती हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर इस तरह के गिरोहों पर समय रहते अंकुश न लगाया जाए, तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर की पहचान को नुकसान पहुंच सकता है।

पुलिस की सटीक और तेज कार्रवाई

इस पूरे मामले में सबसे बड़ी बात रही उदयपुर पुलिस की तेज़ और योजनाबद्ध कार्रवाई। पहले सूचना का सत्यापन, फिर डिकॉय भेजना और आखिर में बिना किसी देरी के रेड करना — यह दर्शाता है कि शहर की पुलिस पर्यटन नगरी की सुरक्षा और नैतिक माहौल को बनाए रखने के लिए सतर्क है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने खुद इस ऑपरेशन की निगरानी की और कार्रवाई को अंजाम देने वाले अधिकारियों की सराहना की।

फिलहाल होटल मालिक, आयोजक विश्वजीत सोलंकी और संबंधित दलालों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की पार्टियों का नेटवर्क कहां-कहां फैला है और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।

आरोपियों के नाम यहां पढ़िए

(Visited 267 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply