भाजपा में पीढ़ीगत बदलाव : 45 वर्षीय नितिन नबीन ने संभाली राष्ट्रीय कमान, पीएम मोदी की मौजूदगी में ग्रहण किया पदभार


नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। बिहार की राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बनाने वाले नितिन नबीन ने मंगलवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में विधिवत रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और निवर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता मौजूद रहे।

45 साल की भाजपा को मिला 45 साल का अध्यक्ष
पार्टी के 45 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 45 वर्षीय नितिन नबीन को कमान सौंपना संगठन के भीतर एक बड़े पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवा ऊर्जा और अनुभव के इस संतुलन को भविष्य की राजनीति की दिशा बताया।

विरासत से लेकर राष्ट्रीय शिखर तक का सफर

23 मई 1980 को रांची में जन्मे नितिन नबीन को राजनीति विरासत में मिली, लेकिन उन्होंने अपनी पहचान अपनी कार्यकुशलता से बनाई।

विधायकी का रिकॉर्ड: अपने पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद 2006 में उपचुनाव जीतकर राजनीतिक सफर शुरू करने वाले नबीन लगातार 5 बार विधायक (पटना पश्चिम और बांकीपुर सीट) रहे हैं।

प्रशासनिक अनुभव: बिहार की एनडीए सरकार में उन्होंने पथ निर्माण और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का सफलतापूर्वक संचालन किया।

त्याग और संगठन: 2025 में मंत्री बनने के बाद जब उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, तो उन्होंने ‘एक व्यक्ति एक पद’ की परंपरा का सम्मान करते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

छत्तीसगढ़ की जीत ने बदला सियासी कद

नितिन नबीन की संगठनात्मक क्षमता का लोहा तब माना गया जब उन्होंने छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी के रूप में कांग्रेस की मजबूत सरकार के खिलाफ भाजपा की सत्ता में वापसी सुनिश्चित की। उनके बूथ स्तर के प्रबंधन और रणनीतिक कौशल ने ही उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे खड़ा किया।

संगठन में नई ऊर्जा की उम्मीद

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक का यह सफर कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि नबीन में वरिष्ठों का सम्मान करने और युवाओं को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता है, जो भाजपा को आने वाले चुनावों में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

नितिन नबीन: एक नज़र में

जन्म : 23 मई 1980 (रांची)

शिक्षा : सेंट माइकल हाई स्कूल (पटना) एवं दिल्ली से सीनियर सेकेंडरी।

राजनीतिक पारी : 2006 में पहला चुनाव जीता, कुल 5 बार विधायक।

विशेष उपलब्धि : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के मुख्य रणनीतिकार।

About Author

Leave a Reply