जयपुर हैरिटेज निगम के पति व दो दलाल 2 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, पट्‌टा जारी करवाने की एवज में ली घूस

: मेयर पति के घर की तलाशी में मिले 40 लाख रुपए नकद

: एक दलाल के यहां भी 8 लाख रुपए

जयपुर। जयपुर नगर निगम हैरिटेज की मेयर मुनेश गुर्जर के पति सुशील गुर्जर भी करप्शन केस में फंस गए हैं। पट्टा जारी करवाने की एवज में 2 लाख रुपए की घूस लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मेयर के पति सुशील और दो दलालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


मेयर पति के घर की तलाशी में परिवादी के पट्टे की फाइल और 40 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। एक दलाल के घर से 8 लाख रुपए नकद मिले। इससे पहले एसीबी ने नगर निगम ग्रेटर की मेयर सौम्या गुर्जर के पति राजाराम और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) के एक बड़े पदाधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। बाद में आरएसएस पदाधिकारी को इस केस में हाईकोर्ट से राहत मिल गई थी।


भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी की स्पेशल इन्वेटिगेशन यूनिट को शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया कि उसके आवेदन की फाइल में पट्टा जारी करने की एवज में नगर निगम हैरिटेज की मेयर के पति सुशील गुर्जर द्वारा दलाल नारायण सिंह और अनिल दुबे के माध्यम से 2 लाख रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। इस वजह से पट्‌टा भी जारी नहीं हो रहा है।


इस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के सुपरवीजन में शिकायत का सत्यापन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ललित शर्मा जयपुर, विशनाराम इन्टेलिजेंस जयपुर एवं बलराम सिंह मीणा जयपुर नगर चतुर्थ की संयुक्त टीमों ने ट्रेपकर्ता पुलिस निरीक्षक सज्जन सिंह को साथ लेकर रिश्वतखोरों को धर दबोचा। इनमें परिवादी से रिश्वत की रकम 2 लाख रुपए हटवाड़ा रोड स्थित नेहरू नगर निवासी दलाल नारायण सिंह पुत्र भंवर सिंह राजपूत ने ली थी।


प्रकरण में संलिप्तता के आधार पर आरोपी सुशील गुर्जर पुत्र रामप्रसाद गुर्जर निवासी ए-3, आदर्श कॉलोनी, शक्तिनगर, हटवाड़ा रोड़, हसनपुरा, जयपुर (मेयर पति नगर निगम हैरिटेज, जयपुर) एवं अनिल दुबे पुत्र सुदर्शन दुबे निवासी 173, शक्तिनगर, हटवाड़ा रोड़, हसनपुरा जयपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।
कार्यवाही के दौरान मेयर के आरोपी पति सुशील के निवास की तलाशी ली गई। इसमें 40 लाख रुपए से अधिक नगदी और परिवादी के पट्टे से संबंधित फाइल बरामद हुई है।

इसी प्रकार आरोपी दलाल नारायण सिंह के निवास की तलाशी में 8 लाख रुपए से अधिक नगद राशि बरामद की गई है। मेयर के पति के घर से जमीनों के दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

आरोपियों के आवास एवं ठिकानों पर एसीबी की विभिन्न टीमों द्वारा तलाशी अभियान जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

(Visited 18 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply