
नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को फिट इंडिया संडे अभियान के तहत नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से साइकिल रैली की शुरुआत की। खास बात यह रही कि इस साइकिल रैली में बड़ी संख्या में पत्रकारों और मीडिया कर्मियों ने भाग लिया। दिल्ली की हल्की बारिश और उमस भरे मौसम के बावजूद मीडिया बिरादरी के 300 से अधिक सदस्यों ने चार किलोमीटर की रैली में मंत्री के साथ साइकिल चलाई।
डॉ. मांडविया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “पत्रकार अग्रिम पंक्ति के योद्धा हैं। उनकी दिनचर्या बेहद व्यस्त और अनियमित होती है। ऐसे में फिट रहना उनके लिए न केवल ज़रूरी, बल्कि अनिवार्य है। आज जिस जोश और उत्साह के साथ हमारे पत्रकार साथियों ने भाग लिया, वह इस बात का प्रमाण है कि फिटनेस अब आंदोलन बन चुका है।”
इस आयोजन में दिल्ली पत्रकार संघ, दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन, विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, नागरिक और एथलीट शामिल हुए। एशियाई ताइक्वांडो पदक विजेता रोडाली बरुआ भी साइकिल रैली में शरीक हुईं। उन्होंने कहा, “फिट इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की यह पहल सराहनीय है। साइकिलिंग सेहतमंद जीवन की दिशा में एक मज़बूत कदम है।”
दिल्ली पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “बारिश और देर रात तक की व्यस्तता के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों का जुटना बताता है कि फिटनेस अब मीडिया की प्राथमिकता में शामिल हो चुकी है।”
दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने कहा, “सिर्फ 3-4 किलोमीटर की साइकिलिंग ने ही फिटनेस की अहमियत का एहसास करा दिया। यह शरीर ही नहीं, पर्यावरण के लिए भी अच्छा है।”
देशभर में साइक्लिंग की गूंज
दिल्ली के अलावा त्रिपुरा, बेंगलुरु, कोकराझार और रायपुर जैसे शहरों में भी इस अभियान की जोरदार भागीदारी देखने को मिली। त्रिपुरा में राज्यपाल के नेतृत्व में 120 साइक्लिस्टों ने उज्जयंत पैलेस से रैली निकाली। अगरतला साइक्लोहोलिक्स फाउंडेशन ने इसमें अहम भूमिका निभाई।
बेंगलुरु स्थित SAI STC केंद्र पर मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अरुण शर्मा और सचिव अमिता शर्मा की अगुवाई में 70 मीडिया कर्मियों ने साइकिल चलाई। वहीं कोकराझार में प्रेस क्लब की अगुवाई में साइकिल रैली आयोजित की गई, जिसमें पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी बिबरी ब्रह्मा भी शामिल रहीं।
रायपुर में भले ही भागीदारी संख्या में कम रही, लेकिन जोश में कोई कमी नहीं थी। मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश सचिव पी.के. राव और भारतीय राष्ट्रीय पत्रिका संघ के अध्यक्ष मनोहर सिंह ने फिटनेस का संदेश दिया।
सोशल मीडिया पर भी बना ट्रेंड
फिटनेस के इस राष्ट्रीय आंदोलन को बॉलीवुड और खेल जगत से भी समर्थन मिल रहा है। सानिया मिर्जा, मिलिंद सोमन, जॉन अब्राहम, इमरान हाशमी, इम्तियाज़ अली और शंकर महादेवन जैसे नामी सितारों ने सोशल मीडिया पर अभियान को समर्थन देते हुए फिटनेस को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की है।
5,500 स्थानों पर पहुंचा अभियान
दिसंबर 2024 में शुरू हुआ यह अभियान अब तक देश के 5,500 से अधिक स्थानों पर पहुँच चुका है और तीन लाख से अधिक नागरिक इससे प्रत्यक्ष रूप से जुड़ चुके हैं। ‘फिट इंडिया संडे’ अब सिर्फ फिटनेस प्रोग्राम नहीं रहा, बल्कि यह एक राष्ट्रीय जनांदोलन बनता जा रहा है।
बारिश हो या धूप, व्यस्तता हो या थकान – यह साइकिल रैली इस बात की मिसाल बनी कि फिटनेस किसी बहाने की मोहताज नहीं है। पत्रकारों की भागीदारी ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया कि स्वस्थ पत्रकारिता के लिए स्वस्थ पत्रकार ज़रूरी हैं।
About Author
You may also like
-
सखी प्रोजेक्ट: जब महिलाओं ने खुद गढ़ी आर्थिक आज़ादी की नई कहानी
-
प्रो. पी.आर. व्यास बने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोग्राफी के उपाध्यक्ष
-
Supreme Court Says ‘No Reason Centre Can’t Reconsider’ as Vodafone Gets Relief in AGR Case
-
Cyclone Montha Live Updates: Odisha and Andhra Pradesh on High Alert as 8 Districts Declared ‘Red Zones’ in Odisha
-
पाकिस्तान ने सलमान खान को ‘आतंकवादी’ घोषित किया, महाराष्ट्र मंत्री बोले—यह हास्यास्पद और शर्मनाक कदम है