मणिपुर के सवाल पर बौखलाए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पत्रकार पर लगाया कांग्रेस के प्रवक्ता होने का आरोप, रिपोर्टर को अखबार प्रबंधन ने किया तलब


Editor’s comment : इस वक्त विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से कुछ एंकरों का बहिष्कार किया गया है। इसको लेकर भाजपा ने गठबंधन को प्रेस की आजादी के मुद्दे पर कटघरे में खड़ा कर दिया है। विपक्षी गठबंधन ने कारण स्पष्ट किया कि हमने उन्हीं एंकरों का बहिष्कार किया है जो एजेंडे के रूप में काम कर रहे हैं। किसी चैनल का बहिष्कार नहीं किया है। इसके एक दिन बाद ही केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उदयपुर में प्रेस वार्ता में सवाल पूछने वाले पत्रकार को जवाब देने की बजाय कांग्रेस का प्रवक्ता कह डाला। बहरहाल प्रेस की आजादी को लेकर दुनियाभर में देश की रैंकिंग लगातार गिरती जा रही है। वरिष्ठ पत्रकार रविश कुमार, अजीत अंजुम और अभिसार शर्मा गोदी मीडिया को कटघरे में खड़ा किए हुए हैं। सच यह है कि देश में पत्रकार और मीडिया के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

यहां से पढ़िए मुख्य खबर
उदयपुर। देश के गद्दारों को गोली मारो_नारे लगवाने से विवाद में आने वाले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर उदयपुर में एक प्रेस कांफ्रेंस में तब बौखला गए जब उनसे मणिपुर में होने वाली हिंसा का सवाल पूछा गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की स्वास्थ्य व उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 500 रुपए देने की योजना का भाजपा के पास क्या विकल्प है…सवाल पूछा गया। राजस्थान की कांग्रेस सरकार की आलोचना के बीच जब यह सवाल पूछे गए तो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पत्रकार को ही कांग्रेस प्रवक्ता कह डाला।
दरअसल भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान तमाम केंद्रीय मंत्री लगातार राजस्थान का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी उदयपुर में थे। पार्टी की ओर से प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार की कमियां गिनाने के साथ रेप, हिंसा, अपराध के आंकड़े गिनाना शुरू करते हुए सरकार पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की भी आलोचना की। इस दरम्यान दैनिक नवज्योति के वरिष्ठ पत्रकार राजेश वर्मा ने पहला सवाल दागा-आपका राजस्थान में हिंसा पर सवाल उठाना वाजिब है, लेकिन केंद्र सरकार मणिपुर में जारी हिंसा को अब तक काबू क्यों नहीं कर पाई है? अनुराग ठाकुर ने इस सवाल का गोलमाल जवाब दिया।


प्रेस कांफ्रेंस के आखिर में जब पत्रकार राजेश वर्मा ने दूसरा सवाल किया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की स्वास्थ्य योजना और उज्जवला के लाभार्थियों को 500 रुपए में सिलेंडर देने की योजना का भाजपा के पास चुनाव में क्या विकल्प होगा?

इस सवाल का जवाब देने की बजाय केंद्रीय ने काउंटर सवाल कर दिया कि कितनी महिलाओं के खाते में रुपए आए। पत्रकार ने कहा-यह आप मालूम करवा लीजिए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि कुछ लोग कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में सवाल कर रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि जो सवाल मैंने उठाए हैं उसका जवाब कांग्रेस के प्रवक्ताओं को देना चाहिए।


पत्रकार वार्ता खत्म होने के बाद जब पत्रकार राजेश वर्मा ने उन्हें कांग्रेस का प्रवक्ता कहने पर आपत्ति उठाई तो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं तो कांग्रेस के प्रवक्ताओं से ही जवाब मांग रहा हूं। इस शहर में कांग्रेस के प्रवक्ता तो होंगे ही। जवाब में पत्रकार ने कहा कि आप गलत जगह यह सवाल कर रहे हैं। आपको सीधे कांग्रेस के प्रवक्ताओं से बात करनी चाहिए। बस यही कहकर वे रवाना हो गए। बहरहाल इस प्रेसवार्ता में गोदी मीडिया कहे जाने वाले चैनलों के पत्रकार भी मौजूद थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *