उदयपुर शहर के सीए सर्किल पर पुराने विवाद के चलते ऑटो चालक पर फायरिंग मामले में 3 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

उदयपुर। शहर के सवीना थाना इलाके के सीए सर्किल पर पुराने विवाद के चलते एक ऑटो चालक पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी अयूब शाह पुत्र हसन शाह (37) निवासी गोसिया कॉलोनी थाना सूरजपोल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी थाना सूरजपोल का हिस्ट्रीशीटर है।

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि सवीना थाना इलाके में सीए सर्किल पर चाय की ठड़ी पर टैक्सी चालक फिरोज अहमद निवासी खांजी पीर अपने एक साथी के साथ खड़ा था। तभी वहां दो गाड़ियों में आये शहजाद सराड़ी व उसके साथियों ने पुराने विवाद के चलते फिरोज अहमद पर फायरिंग कर दी जिसमें वह घायल हो गया। शहर के एमबीजी हॉस्पिटल में फिरोज अहमद द्वारा पुलिस को दिए बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सरेआम फायरिंग की घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोयल द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल व सीओ शिप्रा राजावत के सुपरविजन एवं एसएचओ फूलचंद टेलर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई। गठित टीमों द्वारा पूर्व में तीन अभियुक्त मोहम्मद साजिद उर्फ टोनी, आसिफ खान बक्ष उर्फ बिल्लू कटोरा एवं इजहार उर्फ सेठू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

फरार चल रहे आरोपियों की तलाश के दौरान गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर अंबा माता घाटी 200 फीट रोड पर बस के इंतजार में खड़े हिस्ट्रीशीटर अयूब शाह को पुलिस ने घेर कर दबोच लिया। पूछताछ में घटना में शामिल होने पर गिरफ्तार किया गया।

(Visited 51 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply