बाड़मेर डीएसटी व धोरीमन्ना पुलिस की कार्रवाई : मध्य प्रदेश से हथियार लाया हिस्ट्रीशीटर, दो बदमाशों के साथ गिरफ्तार

6 पिस्टल, 12 कारतूस बरामद

बाड़मेर। डीएसटी व थाना धोरीमन्ना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्थानीय बदमाशों को सप्लाई करने मध्य प्रदेश से हथियार तस्करी कर ला रहे हिस्ट्रीशीटर देवीलाल उर्फ़ देवा विश्नोई पुत्र किशना राम (19) निवासी रावलीनाडी नगर थाना रागेश्वरी और उसके दो साथियों श्रीराम विश्नोई पुत्र भागीरथ राम (20) एवं विक्रम विश्नोई पुत्र वागा राम (19) निवासी पुर थाना सांचौर को गिरफ्तार कर 6 अवैध देशी पिस्टल एवं 12 कारतूस बरामद किए हैं।


एसपी दिगंत आनन्द ने बताया कि 100 दिवसीय कार्य योजना के तहत संगठित अपराधियों एवं अवैध हथियार व मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटर देवी लाल उर्फ देवाराम द्वारा संचालित अवैध हथियार तस्करी के गिरोह को चिन्हित कर निगरानी रखी गई।


इसी दौरान डीएसटी के हैड कांस्टेबल मेंहा राम को सूचना मिली कि देवीलाल अपने सहयोगी के साथ भारी मात्रा में अवैध हथियार मध्य प्रदेश से तस्करी कर धोरीमना, गुड़ामालानी एवं सांचौर क्षेत्र में स्थानीय अपराधियों को सप्लाई करने लाया है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह व सीओ देवी सहाय के सुपरविजन तथा एसएचओ सुखराम के नेतृत्व में थाना धोरीमन्ना एवं डीएसटी से टीम गठित की गई।


शनिवार को टीम ने स्पोर्ट्स बाइक पर आ रहे हिस्ट्रीशीटर देवीलाल व उसके सहयोगी विक्रम और श्रीराम जाणी को पकड़ 6 अवैध देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किये। इस संबंध में थाना धोरीमन्ना पर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियार मध्य प्रदेश में किससे खरीदे गये व आगे किन अपराधियों को सप्लाई किया जाना है के संबंध में पूछताछ की जा रही है। देवीलाल के विरुद्ध 9 अपराधिक प्रकरण एवं श्रीराम जाणी के विरुद्ध 4 अपराधिक प्रकरण दर्ज होकर कोर्ट में विचाराधीन है।
————-

(Visited 18 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply