
गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के भी इसी विमान में समान होने की खबर
अहमदाबाद। शहर में गुरुवार सुबह एक बड़े विमान हादसे से हड़कंप मच गया। एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें दो पायलट और 10 केबिन क्रू सदस्य शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेकऑफ के तुरंत बाद ही एयरक्राफ्ट में तकनीकी गड़बड़ी के संकेत मिलने लगे थे। इसके कुछ ही देर बाद विमान हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद अहमदाबाद हवाई अड्डे के नजदीक धुएं का घना गुबार उठता देखा गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। एयर इंडिया के अनुसार, विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के हाथों में थी।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत व बचाव दल सक्रिय हो गया। गांधीनगर से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की तीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। इन टीमों में कुल 90 से अधिक जवान शामिल हैं। इसके अलावा वडोदरा से भी तीन अतिरिक्त टीमें रवाना कर दी गईं हैं। स्थानीय पुलिस, अग्निशमन सेवा और अन्य राहत एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और मलबे से लगातार धुआं उठ रहा है। घटनास्थल पर राहत व बचाव का काम तेजी से जारी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली है। शाह ने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि जैसे ही पुख्ता जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। राज्य पुलिस नियंत्रण कक्ष ने भी इस बात की पुष्टि की है कि विमान में कुल 242 लोग सवार थे। हालांकि, अब तक किसी यात्री या क्रू मेंबर के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच, भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने समुद्र में एक अन्य घटना के चलते MV WAN HAI 503 जहाज पर बचाव और अग्निशमन अभियान शुरू किया है। इसके लिए भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर के जरिये एक विशेष गोताखोर दल को रवाना किया गया है। हालांकि विमान हादसे और इस समुद्री घटना के बीच किसी भी प्रकार का संबंध नहीं बताया गया है।
अहमदाबाद में इस वक्त राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे मलबा हटाया जाएगा, हादसे की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे इलाके को घेर कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।
About Author
You may also like
स्वागत की औपचारिकता या सियासी दूरी? उदयपुर एयरपोर्ट पर सीएम और उनसे मिलने वाले चेहरों की बॉडी लैंग्वेज
उदयपुर की विडंबना : सुखाड़िया के बाद बस घूमने आते रहे मुख्यमंत्री, बजट में मिला तो सिर्फ आश्वासन का झुनझुना
उदयपुर के प्रमुख समाचार यहां पढ़िए…लेपर्ड के हमले में घायल महिला ने एमबी अस्पताल में तोड़ा दम, आबादी क्षेत्रों में बढ़ते खतरे से दहशत
सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या में वृद्धि : मंत्रिमंडल का बड़ा फैसला
सियासी मजबूरी या चुनावी जोश? उदयपुर भाजपा में ‘दिल’ मिले न मिले, जीत के जश्न में हाथ मिलाना पड़ा
